निरीक्षण में स्वास्थ्य केन्द्रों व आरोग्य मंदिरों की खामियां उजागर

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 16 नवंबर 26। जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों व आरोग्य मंदिरों के निरीक्षण में अनेकों खामियां उजागर हुई है। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए आगामी 21 से 24 नवंबर तक लखीमपुर खीरी से एसआरएम (SRM) टीम का भ्रमण प्रस्तावित है। टीम के आगमन से पहले स्वास्थ्य इकाइयों की तैयारियों को परखने और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मोहम्मदाबाद, कमालगंज एवं कायमगंज ब्लॉक के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का विशेष टीमों द्वारा व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की क्रियाशीलता, अभिलेखों के रखरखाव और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को एसआरएम चेकलिस्ट के अनुसार तैयारियां पूरी करने और चिह्नित कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।

मोहम्मदाबाद में अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपकरणों की हुई जांच

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी माथुर, डॉ. शेखर यादव एवं चंदन यादव की टीम ने मोहम्मदाबाद ब्लॉक के स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, लेबर रूम, ओटी, ड्रग स्टोर एवं उपलब्ध उपकरणों की स्थिति देखी गई। निरीक्षण में कुछ कर्मचारियों की अनुपस्थिति के साथ साफ-सफाई एवं उपकरणों के रखरखाव में सुधार की आवश्यकता सामने आई। लैरिंगोस्कोप में सेल उपलब्ध नहीं थे, जिन्हें मौके पर ही डलवाया गया। लेबर रूम एवं ड्रेसिंग रूम में रखे ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की सफाई कराने तथा ओटी कक्ष की तत्काल सफाई कराई गई। साथ ही उपकरणों को क्रियाशील रखने, दवाओं की उचित लेबलिंग, ड्रग स्टोर को व्यवस्थित करने और लेबर रूम के सभी रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। शिकायत पेटिका को दुरुस्त कराने एवं संबंधित रजिस्टर तैयार कराने को भी कहा गया। इसके अतिरिक्त आयुष्मान आरोग्य मंदिर गैसिंगपुर एवं अलावलपुर का निरीक्षण किया गया।

कमालगंज सीएचसी में एसआरएम चेकलिस्ट के अनुसार तैयारियों की समीक्षा

डीपीएम कंचन बाला, डीसीपीएम रणविजय प्रताप सिंह एवं डीईआईसी मैनेजर अमित कुमार शाक्य की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज का निरीक्षण किया। यहां अधीक्षक डॉ. अजय कुमार सिंह सहित अन्य स्टाफ अपने निर्धारित कक्षों में उपस्थित मिला। अधीक्षक द्वारा एसआरएम चेकलिस्ट के आधार पर तैयारियां कराई जा रही थीं। निरीक्षण के दौरान लेबर रूम के बाहर साफ-सफाई बेहतर कराने तथा पीएनसी वार्ड के सभी बेड पर चादर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एनसीडी काउंसलर एवं स्टाफ नर्स द्वारा मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही थी, लेकिन डाटा पोर्टल पर दर्ज करने के बजाय रजिस्टर में लिखा जा रहा था। इस पर ऑनलाइन डाटा फीडिंग नियमित रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपकेंद्र स्तर पर भी तैयारियां मजबूत करने के लिए सीएचओ एवं एएनएम की बैठक आयोजित कराने को कहा गया।

उबरीखेड़ा, खुदागंज और कैथा में सुविधाओं एवं संसाधनों का आकलन

कमालगंज ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उबरीखेड़ा के निरीक्षण में सीएचओ सचिन कुमार उपस्थित मिले, जबकि एएनएम वर्तिका अनुपस्थित थीं। यहां पेयजल एवं अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था उपलब्ध कराने, आवश्यक उपकरणों की कमी दूर करने तथा सभी सामग्री को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में कुछ दवाएं एक्सपायरी अवधि की भी मिलीं, जिन्हें अलग कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। आईईसी पोस्टर की साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद खुदागंज केंद्र का निरीक्षण किया गया। कैथा केंद्र पर सीएचओ स्वाति एवं एएनएम शुभि उपस्थित मिलीं। यहां आवश्यक लॉजिस्टिक, जांच किट एवं ईडीएल दवाएं उपलब्ध पाई गईं। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा एसआरएम टीम के भ्रमण से पहले तैयारियां भी की जा रही थीं।

कायमगंज में उपकेंद्रों की तैयारियों और दवाओं की उपलब्धता पर दिया जोर

कायमगंज ब्लॉक में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरवर इकबाल एवं डीएमएचसी अतुल गुप्ता ने विभिन्न उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। पितौरा उपकेंद्र पर सीएचओ ज्योति एवं एएनएम तस्मी उपस्थित मिलीं। यहां 77 प्रकार की दवाएं उपलब्ध थीं। हालांकि ऑटोक्लेव, फायर एक्सटिंग्विशर, ऑटोस्कोप, टंग डिप्रेसर एवं माउथ मिरर की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। प्रिंटर में इंक की कमी और कंडोम बॉक्स की खराब स्थिति भी सामने आई।

नरसिंहपुर उपकेंद्र पर सीएचओ प्रीति उपस्थित मिलीं तथा 74 प्रकार की दवाएं उपलब्ध थीं। यहां शिकायत पेटिका, शुगर संबंधी प्रोटोकॉल पोस्टर एवं कुछ आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता में सुधार कराने को कहा गया। अताईपुर कोहना उपकेंद्र पर सीएचओ अजय कुमार उपस्थित मिले, जबकि एएनएम प्रिया अवकाश पर थीं। यहां 52 प्रकार की दवाएं उपलब्ध मिलीं। निरीक्षण में बिजली के बोर्ड एवं कंडोम बॉक्स की मरम्मत कराने तथा परिसर की साफ-सफाई और घास की कटाई कराने के निर्देश दिए गए।

गौटोला उपकेंद्र पर सीएचओ के मातृत्व अवकाश पर होने तथा चाबी उपलब्ध न होने के कारण केंद्र का निरीक्षण नहीं हो सका। चिलौली उपकेंद्र भी बंद मिला। यहां सीएचओ शिवम दवा लेने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए हुए थे तथा एएनएम का पद रिक्त बताया गया।

एसआरएम टीम के आगमन से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में किए जा रहे इन निरीक्षणों का उद्देश्य एसआरएम टीम के प्रस्तावित भ्रमण से पहले स्वास्थ्य इकाइयों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है। आगामी 21 से 24 नवंबर तक लखीमपुर खीरी से आने वाली टीम जनपद की स्वास्थ्य इकाइयों का भ्रमण करेगी। इसे देखते हुए संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को साफ-सफाई, उपकरणों की क्रियाशीलता, दवाओं के सुरक्षित रखरखाव, अभिलेखों के अद्यतन, ऑनलाइन डाटा फीडिंग तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के नियमित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि एसआरएम टीम के भ्रमण से पहले सभी स्वास्थ्य केंद्रों की तैयारियां पूरी हों और आमजन को नजदीकी स्वास्थ्य इकाइयों पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

error: Content is protected !!