फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 29 नवंबर 26। खबरें संक्षेप में
फर्जी बैनामा कराये जाने की रिपोर्ट
जनपद शाहजहांपुर थाना मदनापुर के ग्राम कनिया जमालपुर निवासी रामचरन सिंह ने फर्जी बैनामा कराए जाने के मामले में कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम लखरौआ निवासी रमेश सिंह एवं गवाह रामचंद्र के विरुद्ध फर्जी ढंग से बैनामा कराए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्राम लखरौआ के मूल निवासी रामचरन सिंह व्यवसाय के कारण शाहजहांपुर में रहते। पिता भारत सिंह का देहांत हो जाने के कारण उन्होंने खेती रमेश सिंह को बटाई पर दे दी। नियत खराब हो जाने पर रमेश सिंह ने भारत सिंह की जगह किसी व्यक्ति को खड़ा करके उनकी जमीन अपने नाम बैनामा करा ली।
डीएम का बूथ निरीक्षण

जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने आज फोटोयुक्त विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के प्रभावी एवं सुचारु संचालन तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से बद्री विशाल स्नातकोत्तर कॉलेज के मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
डीएम ने बूथ लेबिल अधिकारियों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के वितरण, प्राप्ति तथा प्राप्त फार्मों के डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। बूथ लेबिल अधिकारियों द्वारा डीएम को अब तक वितरित एवं प्राप्त फार्मों तथा उनके डिजिटाइजेशन की प्रगति से अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक डोर-टू-डोर सर्वे सुनिश्चित किया जाए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को चिन्हित करते हुए उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
अखिलेश की खाकी पर मेहरबानी
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश पुलिस पर मेहरबान हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस कर्मियों को सप्ताह में एक दिन छुट्टी दी जाएगी और काम करने के घंटे भी तय किए जाएंगे, रहने के लिए आवास दिए जाएंगे। पड़ोस के जिले में ही पोस्टिंग की जाएगी। इस तरह की पोस्ट वायरल की गई है।

अधिशासी अधिकारी का तबादला
नगर पालिका फर्रुखाबाद के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार का जनपद हमीरपुर के लिए तबादला हो गया है। उनके स्थान पर जनपद हमीरपुर के अधिशासी अधिकारी हेमराज की तैनाती की गई है। मालूम हो कि ईओ विनोद कुमार ने फरवरी 2022 में का कार्यभार ग्रहण किया था। पालिकाध्यक्ष से पटरी खाने के कारण वह कई सालों तक डटे रहे।











