फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 11 नवंबर 26। जहानगंज थाना पुलिस ने होटल पर रिवाल्वर से फायर करने वाले साथी सहित अधिवक्ता पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के मुताबिक कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला सिविल लाइन बरगदिया घाट 1/160 निवासी अखिलेद्र प्रताप सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह एवं लोको रोड भोलेपुर निवासी अभिमन्यु पुत्र बृज प्रताप सिंह नाला बघार एवं राजपूताना पुलिस चौकी के बीच बने ढाबे पर दीपावली की खुशी में दावत उड़ा रहे थे। उसी दौरान अखिलेद्र प्रताप सिंह ने खुशी में लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर किया। ढाबे पर थाना जहानगंज के सिपाही राजकुमार व देवेंद्र सिंह खाना खा रहे थे।
उनके सामने ही फायर किया गया, सिपाहियों ने घटना की जानकारी राजपूताना चौकी इंचार्ज जसवीर सिंह को दी। फायरिंग की सूचना मिलने पर जहानगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक बृजपाल सिंह चौकी इंचार्ज जसवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ ढाबे पर पहुंचे। पुलिस को देखकर अखिलेद्र प्रताप ने रिवाल्वर ढा़बे में रखे आलू के बोरे के नीचे छुपा दी। पुलिस ने अखिलेद्र प्रताप की निशानदेही पर रिवाल्वर बरामद कर ली। रिवाल्वर के चेंबर में एक खोखे के अलावा 32 बोर के चार कारतूस थे। पूंछे जाने पर अखिलेद्र प्रताप ने पुलिस को बताया कि मेरा लाइसेंसी रिवाल्वर है मैंने दीपावली पर पटाखे नहीं छोड़े थे इसी खुशी में दोस्त के साथ पार्टी करने आया था। दीपावली के त्यौहार की खुशी में रिवाल्वर से फायर किया।
पूंछताछ किए जाने पर अभिमन्यु ने पुलिस को बताया कि मैंने ही अखिलेद्र प्रताप को हर्ष फायर करने के लिए कहा था। पुलिस के भय से मैंने ही रिवाल्वर आलू के बोरे के नीचे छुपा दी थी। जहानगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक बृजपाल सिंह ने बताया कि अभियुक्त अभिमन्यु के पिता बृज नरायन सिंह एडवोकेट है।











