फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 12 नवंबर 26। प्रेम प्रसंग में पड़ोसी गांव के युवक दीपक राजपूत की हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। थाना जहानगंज के ग्राम नगला चाहर निवासी नंदराम के 22 वर्षीय पुत्र दीपक का शव आज सुबह पड़ोसी गांव सरवर आलमपुर में सुभाष कुशवाहा की जगह पर पड़ा था। पड़ोसी कुलदीप कुशवाहा ने आज सुबह 5.30 बजे शव को पड़ा देखकर ग्रामीणों को जानकारी दी। जहानगंज थाना अध्यक्ष ब्रजमोहन पाल ने मामले की जांच पड़ताल की, तो पता चला कि शव दीपक राजपूत का है।
दीपक के गले में रस्सी से फांसी लगाई जाने का निशान देखा गया, दीपक को जहर दिए जाने की भी आशंका जाहिर की गई। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ ने भी मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। दीपक का शव मिलने की जानकारी मिलने पर उसकी मां एवं भाई मौके पर पहुंचे, जो बीती रात दावत खाने बेवर गए थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दीपक बीती शाम बजे घर से निकला था परिजनों ने सुभाष कुशवाह पर दीपक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। बताया गया कि बोरिंग मैकेनिक दीपक अक्सर सुभाष के घर आता जाता था। दीपक का शव देखे जाने के बाद सुभाष के मकान पर ताला लगा देखा गया।
बीच गांव में रहने वाले सुभाष की परचून की दुकान है। चर्चा हुई कि एसओजी की टीम ने खेतों में सुभाष को पकड़ लिया है जिसको फतेहगढ़ ले जाया गया। थाने के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन पाल ने एफबीडी न्यूज़ को बताया के दीपक कल शाम 7 बजे घर से निकला था प्रेम प्रसंग में उसकी हत्या की गई है। दीपक के गले में रस्सी से फांसी लगाई जाने का निशान देखा गया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की वजह का पता चलेगा।











