फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 12 नवंबर 26। चुनाव आयोग ने नए वोटर बनने वालों को 17 दिसंबर तक फार्म 6 जमा करने को कहा है। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण तथा मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के साथ ही मतदेय स्थलों के पुनर्गठन तथा पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए जनपद के मतदेय स्थलों का संशोधित प्रस्ताव तैयार कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को प्रेषित किया गया है। आयोग से अनुमोदन के उपरांत जनपद में मतदेय स्थलों की संशोधित व्यवस्था लागू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 1642 मतदेय स्थल हैं। सम्भाजन एवं समायोजन की प्रक्रिया के उपरांत कुल 1605 मतदेय स्थल अनुमोदित किए जाने का प्रस्ताव है। इसमें विधानसभा क्षेत्र 192-कायमगंज में 470, 193-अमृतपुर में 372, 194-फर्रुखाबाद में 390 तथा 195-भोजपुर में 373 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी संबंधित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले ऐसे सभी युवा एवं नागरिक, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं है, उनका फार्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी भी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें चिह्नित कर नियमानुसार निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत निर्वाचक नामावली में शामिल कराया जाए। फार्म-6 भरवाते समय आवेदक का नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, वर्तमान एवं सक्रिय मोबाइल नंबर, पूर्ण पता तथा अन्य आवश्यक अभिलेख अनिवार्य रूप से प्राप्त किए जाएं।
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन दिनांक 17 नवम्बर 2026 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर 2026 से 16 दिसम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान दिवस 21 एवं 22 नवम्बर तथा 28 एवं 29 नवम्बर 2026 को निर्धारित किए गए हैं। इन विशेष अभियान दिवसों में प्रत्येक पदाभिहित स्थल (मतदान केंद्र) पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहकर पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 उपलब्ध रहें, जिससे नागरिकों को आवेदन करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों से भी विशेष अभियान दिवसों में उपस्थित रहकर बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग प्रदान करने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बूथ लेवल एजेंटों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूची का व्यापक स्तर पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी निकायों की मतदाता सूची तथा पंचायत मतदाता सूची से मिलान कर ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली में सम्मिलित होने से छूट गया है। शहरी क्षेत्रों में सभासदों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों का सहयोग लेकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर पंजीकृत लाभार्थियों में 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं, को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। ऐसे सभी पात्र नागरिकों का फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में पंजीकरण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम में कार्यरत महिला स्वयं सहायता समूहों की सखियों के माध्यम से भी पात्र महिलाओं का सत्यापन कराने तथा मतदाता सूची में नाम छूट जाने की स्थिति में उनका फार्म-6 भरवाकर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत आशा एवं एएनएम के माध्यम से भी पात्र महिलाओं को चिह्नित कर उनका मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्यवाही पूर्ण करें, जिससे जनपद की निर्वाचक नामावलियां शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाई जा सकें।
बैठक में मुकेश गुप्ता भारतीय जनता पार्टी, रामरतन गौतम बहुजन समाज पार्टी, सुभाष चन्द्र शाक्य समाजवादी पार्टी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह,संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।











