फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 12 नवंबर 26। प्रेम प्रसंग की रंजिश में युवक दीपक राजपूत की गला कसकर हत्या की गई है। जहानगंज थाना पुलिस ने ग्राम नगला चाहर निवासी दीपक राजपूत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉ राणा प्रताप एवं डॉ नवनीत कुमार की टीम ने वीडियो ग्राफी के दौरान दीपक के शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में दीपक की हत्या गला कसकर किया जाना पाया गया। जहानगंज थाना प्रभारी ब्रजमोहन पाल ने बताया कि दीपक की हत्या के मामले में उसके भाई ने ग्राम सरवर आलमपुर निवासी सुभाष कुशवाह व उसके तीन साथियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लुटेरे को सजा
अदालत ने लूट के मुकदमे में दोषी पाये जाने पर कोतवाली कायमगंज के मोहल्ला चिलांका निवासी विशुन दयाल पुत्र अशोक कठेरिया को 2 साल की सजा सुनाकर एक हजार रुपयों का जुर्माना लगाया है। विष्णु दयाल ने 7 अप्रैल 2012 को मोहल्ला घसिया चिलौली निवासी विनोद की पुत्री के झुमके लूटे थे। विनोद ने लूट के संबंध में विशुन दयाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।











