व्यापार के नाम से सवा करोड़ की ठगी: अवैध संबंध भी बनाये

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 13 नवंबर 26। कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला छावनी निवासी युवती के साथ व्यापार में साझा करने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी की गई। युवती ने अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें पंकज नामदेव पुत्र मेवालाल मेवालाल, गुलशन पुत्र मेवालाल, पिंकी नामदेव पुत्री मेवालाल गगन तिवारी निवासीगण वार्ड नंबर 15 संतोषी माता मंदिर के सामने तालाब वाली गली, चंदला जिला छतरपुर मध्य प्रदेश को आरोपी बनाया गया।

रीता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि प्रार्थिनी की पंकज नामदेव से जनवरी 2021 में मार्केटिंग के दौरान मुलाकात कराई थी। तब से बराबर पंकज नामदेव पुत्र मेवालाल प्रार्थिनी के पास फर्रुखाबाद आता जाता रहा। इसी दरम्यान उक्त पंकज नामदेव ने प्रार्थिनी के समक्ष हर्बल प्रोडक्ट का व्यापार करने का सुझाव दिया। इस पर प्रार्थिनी सहमत हो गई। प्रार्थिनी ने दोस्त से मार्च 2021 में 2,00,000/-रुपए नकद उधार लिया और उक्त पंकज नामदेव को व्यापार के लिए दे दिए। हालांकि यह व्यापार फर्रुखाबाद के आसपास जिलों में चलता रहा। धीरे धीरे पंकज नामदेव ने प्रार्थिनी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद पंकज नाम देव ने प्रार्थिनी के समक्ष प्रस्ताव रखा कि फर्म बनाकर बडे स्तर पर हर्बल प्रोडक्ट का व्यापार किया।

पीजी इण्टरप्राइजेज के नाम से फर्म तैयार कर ली गई तीन चार महीने बाद पंकज नामदेव ने कहा कि इस फर्म से अब काम नहीं चलेगा इसके लिए कंपनी बनानी पडेगी। पंकज नामदेव ने अपने पिता मेवालाल, भाई गुलशन नामदेव, बहन पिंकी नामदेव से मुलाकात कराई। इन लोगों ने भी प्रार्थिनी का विश्वास जीता। उक्त लोगों का घर पर आना जाना रहा। प्रार्थिनी और पंकज नामदेव की सहमति से 13 जून 23 में शुभारंभ हर्बल इण्डिया प्रोडक्ट एण्ड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी तैयार की गई। जिसमें जीएसटी पता दिल्ली का और कंपनी का पता पंकज नामदेव ने अपना गृह जनपद छतरपुर मध्यप्रदेश का दर्शाया। प्रार्थिनी ओर पंकज नामदेव उक्त कंपनी के डायरेक्टर 50-50 प्रतिशत के बन गए। कंपनी में फण्ड लगाने की जिम्मेदारी प्रार्थिनी को व पंकज नामदेव को प्रशासनिक जिम्मेदारी ले ली।

प्रार्थिनी ने मार्केट और अपने परिचितों से 45 लाख रुपए उधार लेकर पंकज नामदेव को दिए। इसके अलावा पंकज नामदेव ने धोखाधडी एवं षडयंत्र के तहत प्रार्थिनी के व्यक्तिगत एसबीआई खाता से 1243000/-रुपए अलग अलग तिथियों में पंकज नामदेव ने कंपनी के खाता में ट्रांसफर न करवाकर अपने विभिन्न व्यक्तिगत बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए। पंकज नामदेव ने षडयंत्र के तहत धोखे से कंपनी के बैंक खाते का संचालन एकल करवा लिया था। इसके बाद पंकज नाम देव ने बिना जानकारी के धोखाधडी की नियत से कंपनी के यस बैंक के खाते से अमानत में ख्यानत करके अपने व्यक्तिगत बैंक खातों में अलग अलग तिथियों पर 18,71,530/- व कंपनी के ही एक्सेस बैंक के खाते से 3,64,894 /- रुपए अपने ही व्यक्तिगत खातों में ट्रांसफर कर लिए।

धोखाधडी और रुपए हड़पने की नियत उक्त पंकज नामदेव की यहीं नहीं रुकी। प्रार्थिनी को विश्वास में लेकर एवं प्रार्थिनी ने अपनी जमानत लेकर जेएचवी फाइनेंस एण्ड लीजिंग लिमिटेड नई दिल्ली 15-05-23 को 1,60,000/- रुपए दिलवा दिए। उक्त पंकज नामदेव ने लोन जमा नहीं किया तो प्रार्थिनी से कहा कि अब की बार और लोन दिलवा दो तो सारा रुपया जमा कर देगे। प्रार्थिनी ने विश्वास करके पुनः जेएचवी फाइनेंस एण्ड लीजिंग लिमिटेड नई दिल्ली दिनांक 2,00,000/- रुपए 20-04-24 को लोन पंकज नामदेव को दिलवा दिया। उक्त दोनों लोन को जमा नहीं किया। इसके बाद प्रार्थिनी को पंकज नामदेव के कार्यों पर शक होने लगा। प्रार्थिनी ने जून 2025 में लोन और कारोबार के बारे में जानकारी चाही तो उक्त पंकज नामदेव ने टाल दिया।

पंकज नामदेव ने प्रार्थिनी के साथ शादी करने का वादा किया और इसी बहाने पंकज नामदेव ने प्रार्थिनी से शारीरिक संबंध स्थापित कर लिए और बराबर प्रार्थिनी का उक्त पंकज शारीरिक शोषण करता रहा। अंत में शादी करने से मना कर दिया। इसकी जानकारी पंकज नामदेव के पिता, माता एवं अन्य लोगों को दी किन्तु उन लोगों ने कोई तवज्जो नहीं दी। जनवरी 26 में बैंक स्टेटमेंट के माध्यम से प्रार्थिनी को हुई तब प्रार्थिनी ने पंकज नामदेव से कंपनी का हिसाब मांगा। कंपनी का हिसाब न देकर पंकज नामदेव से प्रार्थिनी कहासुनी हुई और पंकज नामदेव ने प्रार्थिनी से डायरेक्टरशिप से इस्तीफा की मांग की। पंकज नामदेव ने प्रार्थिनी के नाम से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर कंपनी के बैंक खाता एवं कंपनी के अन्य जगहों पर इस्तेमाल कर उनको असली के रूप में प्रयोग कर लाखों रुपए की धनराशि को हड़प लिया है।

यही नहीं पंकज नामदेव ने प्रार्थिनी का इस्तीफा स्वंय तैयार कर उसको असली के रूप में प्रयोग कर व्यापारियों को भ्रमित कर प्रार्थिनी की साख को चोट पहुंचाई। इस फर्जीवाडा, धोखाधडी एवं षडयंत्र में पंकज नामदेव के पिता मेवालाल, भाई गुलशन नामदेव, बहन पिंकी नामदेव भी शामिल है। पंकज नामदेव का सहयोगी गगन तिवारी जो पंकज नामदेव की फण्डिंग का काम देखता था गगन तिवारी ने प्रार्थनी को आश्वस्त किया था कि वह सारा रुपया उक्त पंकज नामदेव से दिलवाएगा। इस अपराधिक कृत्य में गगन तिवारी बराबर का हिस्सेदार रहा है। प्रार्थिनी ने पंकज नामदेव से कहा कि यह सब धोखाधडी क्यों कर रहे हो इस पर पंकज नामदेव ने धमकी दी चुपचाप इस्तीफा दे दो अन्यथा तुझे व तेरे पूरे परिवार को जान से मार देंगे। प्रार्थिनी धमकियों की वजह से डर कर दिल्ली छोड़कर अपने गृह जनपद में आकर रहने लगी है।

error: Content is protected !!