फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 13 नवंबर 26। अधिक वेतन के लालच में थाना कादरी के मोहल्ला भोपत पट्टी श्याम नगर निवासी चंद्रशेखर चतुर्वेदी की पत्नी कुसुमलता ने लाखों रुपए गंवा दिए। कुसुम लता ने साइबर ठगों के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है की 8 जुलाई को मेरे पास व्हाट्सएप कॉल आई फोन करने वाले ने अपना नाम साहिल बताते हुए कहा कि हमारी बहुत बड़ी कंपनी है। जिसमें लड़के व लड़कियों की काम करने की आवश्यकता है क्या आप मेरी कंपनी में काम करना चाहेंगी। महिला ने साहिल से कंपनी में कार्य करने से मना कर दिया, तब साहिल ने बताया कि तुम्हारे फर्रुखाबाद के बहुत से लोग मेरी कंपनी में कार्य करते हैं।
मैं आपको 90 हजार रुपए प्रतिमाह एवं रहना खाना पीना फ्री में रहेगा, आप अपने परिवार सहित आ जाओ कोई भी परेशानी नहीं होगी। आपको सिर्फ अपना वीजा व पासपोर्ट बनवाना होगा। पीड़ित महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि थोड़ी देर में राहुल नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप से बात करते हुए बताया कि मुझे साहिल भाई ने आपका मोबाइल नंबर दिया है, आपका वीजा का पास पोर्ट बनवाने के लिए। मना करने के बाद साहिल व राहुल ने कई बार व्हाट्सएप कॉल कर बातों में बहला फुसलाकर कर कुसुम लता को नौकरी का झांसा देकर वीजा व पासपोर्ट के नाम पर कई बार क्यूआर कोड व विभिन्न खाता नंबरों के माध्यम से 6 लाख 13, 600 रुपयों की ठगी कर ली। महिला ने अधिक वेतन में मिलने के लालच में जेवरात प्लाट बेचकर व रिश्तेदारों से उधार लेकर रुपए दिए थे।











