फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़)14 नवंबर 26। सीपी इंटरनेशनल स्कूल में आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस ‘बाल दिवस’ पर एक भव्य और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें एक अनूठी पहल के तहत छात्रों के सम्मान में प्रार्थना और सभा की समस्त औपचारिकताओं का निर्वहन स्वयं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने किया। इसके उपरांत शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत सुमधुर गीतों ने सभी का मन मोह लिया। उत्सव की कड़ी में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों के साथ-साथ रोमांचक वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं क्रिकेट मैच आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही, बच्चों को भारतीय संस्कृति व संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘रामायण’ चलचित्र का विशेष प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के पदाधिकारियों ने अपने विचार साझा करते हुए बच्चों का मार्गदर्शन किया। निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि बच्चे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर एवं उज्ज्वल भविष्य के आधारस्तंभ हैं, जिन्हें सुसंस्कृत व शिक्षित कर ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है। प्रबंध निदेशक श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल ने कहा कि बाल दिवस बच्चों की निश्छलता, सृजनात्मकता और असीम ऊर्जा का उत्सव है तथा विद्यालय उनके सर्वांगीण विकास हेतु सदैव संकल्पित है। उपनिदेशक श्रीमती अंजू राजे ने बताया कि इस दिन को विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय बनाने के उद्देश्य से शिक्षकों ने स्वयं मंच की कमान संभाली, जो विद्यालय के आत्मीय शैक्षणिक परिवेश को दर्शाता है।
प्रधानाचार्य पी. रथ ने शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उप प्रधानाचार्य नवीन शाक्य ने पंडित नेहरू के प्रेरक जीवन चरित पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के प्रति उनके वात्सल्य और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान का विस्तृत वर्णन किया। आयोजन को सफल बनाने में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।











