फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़)15 नवंबर 26। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम् एवं श्री विश्वनाथ सामाजिक सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 16 नवंबर से 15 दिवसीय प्रस्तुति परक संस्कृत नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ नगर के एशियन स्किल अकादमी, जोगराज स्ट्रीट में किया जाएगा। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में नाट्य कला, अभिनय, संवाद अदायगी तथा मंचीय प्रस्तुति एवं संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करना है। इस कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को नाट्य कला की विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास हो सके।
कार्यशाला का निर्देशन सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा किया जाएगा तथा संस्कृत शिक्षण का दायित्व डॉ. प्रदीप कुमार शुक्ला निभाएंगे। कार्यशाला पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है। इसमें प्रवेश पहले आगत, पहले पावत के आधार पर दिया जाएगा। संस्था का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा एवं नाट्य परंपरा को प्रोत्साहित करते हुए युवाओं को कला और संस्कृति से जोड़ना है। कार्यशाला के अंतर्गत प्रतिभागियों को ‘दूतवाक्यम्’ नाटक का प्रशिक्षण दिया जायेगा।
‘दूतवाक्यम्’ संस्कृत साहित्य के प्रसिद्ध नाटककार महाकवि भास द्वारा रचित नाटक है। यह महाभारत पर आधारित है। नाटक का मुख्य कथानक भगवान श्रीकृष्ण के शांति-दूत बनकर कौरवों की सभा में जाना तथा दुर्योधन को धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश देना है।
नाटक में श्रीकृष्ण द्वारा पांडवों के अधिकारों की मांग, युद्ध टालने का प्रयास, दुर्योधन का अहंकार एवं श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप का प्रभावशाली चित्रण किया जायेगा। इसमें धर्म और अधर्म, सत्य और असत्य तथा न्याय और अन्याय के मध्य संघर्ष को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया जायेगा। ‘दूतवाक्यम्’ केवल एक पौराणिक प्रसंग नहीं, बल्कि शांति, सद्भाव, कूटनीति, नैतिकता और धर्म की स्थापना का सशक्त संदेश देने वाला नाटक है। इसकी संवाद प्रधान शैली, ओजस्वी भाषा और प्रभावशाली नाटकीयता इसे संस्कृत रंगमंच की महत्वपूर्ण कृति बनाती है। इस नाटक के माध्यम से दर्शकों को यह संदेश देने का प्रयास किया जायेगा कि अहंकार और हठ का परिणाम विनाश होता है, जबकि विवेक, संवाद और धर्म के मार्ग से शांति एवं न्याय की स्थापना संभव है। वार्ता के दौरान आचार्य डॉ प्रदीप नारायण शुक्ल मौजूद रहे।











