फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 17 नवंबर 26। कमालगंज थाना पुलिस ने बीते दिनों हुई चोरी के मामले में मोहम्मद सैफ व अब्दुल को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। कमालगंज थानाध्यक्ष दीपक कुमार त्रिवेदी व दरोगा कल्लू प्रसाद यादव की टीम ने ग्राम ईशापुर निवासी मोहम्मद सैफ पुत्र दफेदार उर्फ शाहिद एवं थाना जहानगंज के ग्राम खलासपुर जरारी निवासी अब्दुल पुत्र इंतजार को पकड़ लिया। पुलिस ने मोहम्मद सैफ व अब्दुल की निशानदेही पर चुराए गए पीतल के बर्तन, 2 गैस सिलेंडर व 5200 रुपये बरामद किए हैं।
कई लोगों को हिरासत में लेकर चोरी का सामान बरामद किया है। मालूम हो कि थाना क्षेत्र के ग्राम ईशापुर निवासी सैय्यद हुसैन ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सैय्यद हुसैन ने 27 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया था कि प्रार्थी अपनी पत्नी हसबुन्ना के साथ जून 26 मे अपने पुत्रों के पास गुजरात राज्य के वापी जिले मे गया था। घर के मुख्य गेट व दरवाजों पर ताला लगाकर गया था। 26.10.26 की दोपहर करीब 1.30 बजे प्रार्थी अपनी पत्नी के साथ घर लौटा। घर के अन्दर जाने पर देखा कि चोरों द्वारा कमरे मे रखी अलमारी व बक्शे से 2 चैन सोने की, 4 अंगूठी सोने की, 3 जोडी कुंडल सोने के 250 ग्राम चांदी की तोडिया तथा 1 लाख 25 हजार रुपये, 60 किलो पीतल व तांवा के वर्तन, इन्वर्टर बैट्रा आदि घरेलू सामान चोरी कर लिया गया। चोरों द्वारा छत के रास्ते से मकान मे घुसकर चोरी की गई थी।











