फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 18 नवंबर 26। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम् एवं श्री विश्वनाथ सामाजिक सेवा संस्थान, फर्रुखाबाद के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिवसीय प्रस्तुति परक संस्कृत नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ ज्योति स्वरुप अग्निहोत्री द्वारा मोहल्ला जोगराज स्ट्रीट स्थित एशियन स्किल अकादमी में किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को नाट्य कला, अभिनय एवं मंचीय प्रस्तुति की विभिन्न विधाओं से परिचित कराना तथा उनकी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को विकसित करना है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को नाट्य विधा से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर ज्योति स्वरूप अग्निहोत्री ने कहा कि थोड़े से अभ्यास से गम संस्कृत सीख सकते हैं। संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है।
कार्यशाला के निर्देशक संस्थान के निदेशक सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय हैं तथा संस्कृत शिक्षक के रूप में डॉ. प्रदीप नारायण शुक्ला का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। 15 दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को अपनी अभिनय क्षमता निखारने एवं मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर निर्देशक सुरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि कार्यशाला पूर्णतः निःशुल्क है तथा इसका उद्देश्य समाज में कला, संस्कृति, नाट्य परंपरा एवं संस्कृत भाषा के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना है। कार्यशाला के दौरान रोहित सफ्फर, सिमरन, फाल्गुनी, सुपर्णा, राधिका कुशाग्र, वैष्णवी, आयुष, रुद्रांश आदि उपस्थित रहे।











