फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 19 नवंबर 26। दहेज न मिलने की रंजिश में नव विवाहिता श्रीमती शिवानी वर्मा को मारकर फांसी पर लटकाया गया है। घटना के संबंध में थाना कादरी गेट के मोहल्ला बगिया निवासी रामप्रकाश की पुत्री दुर्गा देवी वर्मा ने बहन की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में श्रीमती दुर्गा देवी ने कहा है कि प्रार्थिनी ने अपनी बहन शिवानी की शादी अंकित पाण्डेय पुत्र गौरीशंकर पाण्डेय निवासी कादरीगेट बगिया के साथ अपने वृद्ध पिता एवं भाई आदि लोगों की उपस्थिति में 12.2.26 को की थी।

शादी के बाद से ही मेरी बहन शिवानी का पति अंकित व सास श्रीदेवी व उसका बहनोई रिषभ शादी में दहेज न मिलने का ताना देकर उसका उत्पीड़न करते थे एवं उसको पिता से अतिरिक्त दहेज में दो लाख रूपये दिलवाने की मांग करते थे। जिसकी शिकायत मेरी बहन ने मेरे पिता एवं मुझसे की तो हम लोगों ने उपरोक्त लोगों को काफी समझाया बुझाया। लेकिन उपरोक्त लोगों ने दो लाख रूपये की मांग पूरी किये बिना मेरी बहन को न रखने एवं उसे जान से मारकर दूसरी शादी करने की धमकी देते थे।
दो लाख रूपये की मांग पूरी न होने पर दिनांक 18.11.26 को उपरोक्त सभी लोगों ने मेरी बहन शिवानी की मारपीट करके हत्या कर दी तथा उसको आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से पंखे से लटका दिया। उपरोक्त लोगों ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मेरी बहन की हत्या कर दी है। बताया गया कि शिवानी ने अंकित के साथ कोर्ट मैरिज की थी।
पुलिस ने शिवानी के शव का पोस्टमार्टम कराया है कादरीगेट थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार ने एफबीडी न्यूज को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद मुकदमा दर्ज करने का निर्णय लिया जाएगा।











