फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 21 जून 26। कोतवाली फतेहगढ़ लोको रोड भोलेपुर निवासी विजय वर्मा एडवोकेट के पुत्र अंकुश को जान से मारने की धमकी दी गई। अंकुश ने अपर दुर्गा कॉलोनी निवासी प्रताप सिंह चौहान पुत्र अरुण सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। अंकुश ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि प्रार्थी के मोहल्ले का व्यक्ति प्रताप सिंह चौहान जो मुझको 7/11/26 से whatsapp पर फोन करके एवं नये नये नंबरों से गंदी गालियां देकर परिवार के लोगों पर भद्दी टिप्पणियां करता है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है।
गायब छात्र गेस्ट हाउस में मिला
कोतवाली कायमगंज के ग्राम पपड़ी खुर्द बुजुर्ग निवासी बृजेश कुमार पुत्र श्यामा चरन का गायब बेटा गेस्ट हाउस में मिल गया है। बेटे के न मिलने से परिजन काफी परेशान थे। बृजेश ने पुत्र की दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट में पुलिस को अवगत कराया कि 20.11.26 को सुबह समय लगभग 10 बजे प्रार्थी का बेटा अनमोल उम्र 14 वर्ष प्रार्थी के साथ खेत से घर आ रहा था। जो रास्ते से ही कही गायब हो गया। प्रार्थी ने अपने बेटे अनमोल को हर जगह व रिश्तेदारी में पता किया है लेकिन उसका कुछ भी पता नही लगा है। छात्र के गायब हो जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस महकमें हड़कंप मच गया।
छात्र को तलाश करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई। पुलिस ने ग्राम पपड़ी से नगर कायमगंज के प्रमुख मार्ग के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि नाराज होने के कारण छात्र कायमगंज के मीना गेस्ट हाउस में बैठा था। उन्होंने बताया नवोदय विद्यालय मोहम्दाबाद कक्षा 8 का छात्र अपने जीजा से नाराज होने के कारण गायब हो गया था।











