फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 नवंबर 26। लोहिया अस्पताल के कमरे में बंदकर दलित तीमारदारों की जमकर पिटाई किए जाने के मामले में पुलिस की कछुआ चाल करवाई चल रही है। कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम रैसेपुर निवासी अमन कुमार कठेरिया चचेरे भाई शिवपाल व लोकपाल के साथ 22 नवंबर को लोहिया अस्पताल में बीमार महिला से मिलने एवं खाना लेकर गए थे। जब भाई लोग रात 11.30 बजे लोहिया अस्पताल के गेट के पास पहुंचे तभी आधार कार्ड दिखाने को लेकर विवाद के दौरान सिक्योरिटी गार्ड के इंचार्ज ने सहयोगी की मदद से तीनों लोगों को वहां खड़े-वाहन के अंदर ले जाकर जमकर पिटाई की। अमन ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड से मदद करने को कहा तो उसने यह कहकर मदद करने से मना कर दिया कि यह हमारे साहब हैं हम कुछ नहीं करेंगे।
पिटाई करने के बाद शिवपाल व लोकपाल को अस्पताल के अंदर इमरजेंसी कक्ष के निकट कमरे में बंद कर लात घूसों व डंडो से पिटाई की गई और शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी दी गई। अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड्स से मारपीट करने वाले का नाम पूंछा गया लेकिन किसी ने भी हमलावरों के नाम पते नहीं बताएं। अमन कुमार ने आज दोपहर अस्पताल के अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई किए जाने की फरियाद की। अधीक्षक ने खानापूर्ति करने के लिए रामनिवास नामक गार्ड को बुलाकर हमलावरों का नाम पता करने के लिए भेजा लेकिन किसी ने भी हमलावर का नाम पता नही बताया। करीब 3 बजे अधीक्षक ने अमन कुमार के शिकायती पत्र पर कादरीगेट थाना अध्यक्ष को जांच करने का आदेश किया।
पीड़ित अमन ने उक्त जानकारी देते हुए एफबीडी न्यूज को बताया कि मैंने शाम 4 बजे कादरी गेट थाने जाकर मुंशी को शिकायती पत्र दिया मुंशी ने मामले की जांच करने के लिए दरोगा के के कश्यप को उनके व्हाट्सएप पर शिकायती पत्र भेज दिया। अमन ने बताया कि हमला करने वाला लंबे कद का व्यक्ति शराब के नशे में था। उसने हमसे आधार कार्ड मांगा तो मैं शिवपाल से उसका आधार कार्ड दिखा दिया इसी विवाद में मेरे थप्पड़ मारकर गालियां दी और दाढ़ी देखकर कहा मुसलमान समझ कर विरोध करने पर हम लोगों की पिटाई की गई। जब मैंने बताया कि मैं मुसलमान नहीं कठेरिया हूं तो उसने जात सूचक गालियां देकर अपमानित किया।
अमन कुमार ने आशंका जाहिर कि मारपीट करने वाला व्यक्ति सिक्योरिटी गार्ड का इंचार्ज हो सकता है। लोहिया अस्पताल में अस्थाई पुलिस चौकी भी है जिसमें दो सिपाही बाद दो होम गार्ड्स की ड्यूटी लगती है लेकिन इन कर्मचारियों को यदा कदा ही देखा जाता है पता नहीं वह कहां ड्यूटी करते हैं। यदि कोई सिपाही या होमगार्ड अस्पताल के गेट पर मौजूद रहता तो उसे घटना की जानकारी होती और पीड़ितों को भी मदद मिल सकती थी। कादरीगेट चौकी इंचार्ज के के कश्यप एफबीडी न्यूज़ को रात 8.30 बजे बताया कि मुझे अभी तक अमन कुमार का शिकायती पत्र नहीं मिला है। मालूम हो कि थाना कादरी गेट के भवन का निर्माण होने के कारण आवास विकास चौकी से ही थाना एवं कादरी गेट चौकी का संचालन किया जा रहा है।
अस्पताल के सीएमएस चाहते तो वह रात में ड्यूटी करने वाले गार्ड से घटना की जानकारी ले सकते थे सीसीटीवी फुटेज में हमलावर कायदे हुए होंगे। पीड़ित अमन ने बताया कि मैं जांच अधिकारी का फोन आने का इंतजार करता रहा लेकिन अब मालूम पड़ता है कि मेरी घटना की लीपापोती की जा रही है।











