फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 26 नवम्बर। मंडलायुक्त एस0 राजलिंगम ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को समय से कार्य निबटाने की कड़ी हिदायत दी। उन्होंने राजस्व विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का गहनतापूर्वक अवलोकन कर वहां संचालित कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव तथा शासकीय कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट स्थित ई-गवर्नेंस सेल, आयुध अनुभाग, संग्रह अनुभाग, संयुक्त कार्यालय, निर्वाचन कार्यालय एवं राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित पटलों पर उपलब्ध अभिलेखों, पत्रावलियों, पंजिकाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए उनके रखरखाव एवं कार्यों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने विभिन्न पटलों पर तैनात पटल सहायकों से उनके द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पटल सहायक अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ करें। कार्यालयों में अभिलेखों एवं पत्रावलियों का रखरखाव सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाब देही बनाए रखने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। साथ ही ई-गवर्नेंस से संबंधित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से संपादित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने निर्वाचन संबंधी अभिलेखों एवं राजस्व अभिलेखागार के रखरखाव का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महत्वपूर्ण अभिलेखों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख तत्काल उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सुश्री पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











