422 जोड़ों के धूमधाम से हुये विवाह एवं निकाह

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 20 नवंबर 26। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आज क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता एवं सांसद मुकेश राजपूत के मुख्य आतिथ्य में किया गया। समारोह में जनपद के कुल 422 जोड़ों के विवाह एवं निकाह का आयोजन हर्षोल्लास, गरिमा एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इनमें 419 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं अग्नि को साक्षी मानकर तथा 3 मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा सिद्धि विनायक भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं पगड़ी भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मदन मोहन कन्नौजिया बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वित्तीय वर्ष 2017-18 से संचालित की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक एवं सुगम बनाने तथा विवाह के अवसर पर परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने के उद्देश्य से इस महत्वाकांक्षी योजना का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाती है।

इसमें 60 हजार रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में सीधे अंतरित की जाती है, 25 हजार रुपये के वैवाहिक उपहार वर-वधू को विवाह के अवसर पर उपलब्ध कराए जाते हैं तथा शेष 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा आयोजन की व्यवस्थाओं जैसे भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर व्यय किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज का यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। एक ही मंच पर इतनी बड़ी संख्या में बेटियों का विवाह संपन्न होना अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है।

आज नवविवाहित जोड़े अपने जीवन की नई पारी प्रारंभ कर रहे हैं। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखद एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।
सांसद मुकेश राजपूत जी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक अत्यंत सराहनीय एवं जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। इस भव्य आयोजन के लिए उन्होंने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की प्रशंसा की।

उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से आप सभी अपने जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं। आपसी प्रेम, विश्वास एवं सहयोग के साथ अपने दाम्पत्य जीवन को सफल बनाएं। अपने वैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने सभी नवदंपतियों से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सके।

विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि आज सभी नवविवाहित जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर रहे हैं। विवाह केवल दो व्यक्तियों का ही नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन होता है। सभी नवदंपति आज लिए गए संकल्पों का आजीवन पालन करें तथा एक-दूसरे के प्रति प्रेम, विश्वास, समर्पण एवं सम्मान की भावना बनाए रखें। उन्होंने इतने भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।

विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी में सहभागी बन रही है। यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखद, समृद्ध एवं सफल दाम्पत्य जीवन की कामना की।

विधायक सुशील शाक्य ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन की सफलता का आधार आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग एवं सम्मान है। पति-पत्नी को जीवन के प्रत्येक उतार-चढ़ाव में एक-दूसरे का साथ देना चाहिए तथा परिवार में आपसी सामंजस्य एवं सौहार्द बनाए रखना चाहिए। उन्होंने सभी नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने सभी नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपनी बेटियों का विवाह सम्मान एवं गरिमा के साथ संपन्न कराने का अवसर मिल रहा है। आज 422 जोड़े अपने जीवन की नई यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं। यह उनके परिवारों के लिए अत्यंत खुशी एवं भावनात्मक उल्लास का अवसर है।

उन्होंने कहा कि विवाह के पश्चात पति-पत्नी दोनों को एक-दूसरे की भावनाओं, विचारों एवं इच्छाओं का सम्मान करना चाहिए। जीवन के छोटे-बड़े निर्णय आपसी सहमति एवं विचार-विमर्श से लेने चाहिए। परिवार की खुशहाली और दाम्पत्य जीवन की सफलता के लिए आपसी विश्वास, धैर्य, समर्पण एवं संवाद अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने नवदंपतियों के माता-पिता एवं परिजनों से भी आग्रह किया कि वे नवविवाहित जोड़ों को प्रेम, सहयोग एवं आशीर्वाद प्रदान करते रहें, जिससे उनका नया जीवन सुखमय बन सके।
समारोह के दौरान वैवाहिक रीति-रिवाजों के अनुसार सभी जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया।

मंचासीन अतिथियों द्वारा नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक उपहार प्रदान किए गए तथा पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर नवदंपतियों के चेहरे पर खुशी एवं उत्साह दिखाई दिया। अपने बच्चों को नए जीवन में प्रवेश करते देखकर उनके माता-पिता एवं परिजन भी भावुक एवं प्रसन्न नजर आए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० आनन्द उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुश्री पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर अभय वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुश्री शालिनी, प्रभारी जनगणना अधिकारी पारखी भार्गव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!